घर के बड़े बुजुर्ग हमें अक्सर समझाते हैं कि हर काम को समय पर करने की आदत डालनी चाहिए। लेकिन उनकी बातों को हम अनसुना कर देते हैं और ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं। वास्तव में पुराने समय के लोग नहाने खाने, सोने और उठने सहित हर काम समय पर करते थे, जिसकी वजह से वे निरोगी और स्वस्थ रहते थे।
आज के लोग खाना खाते समय मोबाइल फोन में व्यस्त रहते हैं या टीवी देखते हैं लेकिन हमारे पूर्वज शांत होकर भोजन करते थे और प्रत्येक काम को रोजाना समय पर करते थे। यकी कारण है कि हमारे बड़े बुजुर्ग एक लंबा जीवन जीते थे और स्वस्थ रहते थे। इसके साथ ही उन्हें जीवनशैली से जुड़ी समस्याएं नहीं होती थीं। आइये जानते हैं भोजन करने के तुरंत बाद क्यों नहीं नहाना चाहिए।
नहाने का सही समय क्यों मायने रखता है
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में यह संभव नहीं हो पाता कि हम अपने पूर्वजों की जीवनशैली को फॉलो करें। लेकिन यदि आप अंदर से बहुत थका हुआ, सुस्त और कमजोरी महसूस करते हैं तो आपको अपनी जीवनशैली और आदतों पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। इनमें से एक आदत है सही समय पर नहाना। अक्सर कहा जाता है कि भोजन करने के तुरंत बाद हमें नहाना नहीं चाहिए। आयुर्वेद और मॉडर्न साइंस दोनों इसके पीछे विशेष कारण मानते हैं।
खाने के तुरंत बाद क्यों नहीं नहाना चाहिए
अगर आपको भी खाना खाने के तुरंत बाद नहाने की आदत है तो आपके लिए यह बुरी खबर हो सकती है। वास्तव में भोजन करने के तुरंत बाद नहाने से ब्लड का प्रवाह पेट से शरीर के अन्य हिस्सों में होने लगता है जिसके कारण पाचन क्रिया सुस्त पड़ जाती है और खाना बहुत देर से पचता है।
